धर्मनगरी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुरम कॉलोनी में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक वकील (अधिवक्ता) को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गनीमत रही कि पीड़ित ने टेंपो की ओट में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और ड्राइवर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राथमिकी के अनुसार, शंकरपुरम कॉलोनी निवासी आलोक पाठक (पुत्र रामप्रताप पाठक) शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे अपना सामान दूसरे मकान में शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी परिक्षित सिंह अपनी चार पहिया गाड़ी (UP65EM7776) से वहां पहुँचा और अधिवक्ता को अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अंजाम भुगतने की धमकी दी।
सोची-समझी साजिश के तहत हमला
आरोप है कि कुछ ही देर बाद परिक्षित सिंह हाथ में असलहा लेकर लौटा, उसके साथ उसकी पत्नी और स्कूटी (UP65CM2199) पर सवार ड्राइवर भी था। ड्राइवर ने जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद परिक्षित सिंह ने पहली हवाई फायरिंग की और दूसरी गोली सीधे आलोक पाठक को निशाना बनाकर चलाई। पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए पास खड़े एक टेंपो के पीछे झुककर खुद को बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घटना स्थल से खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिक्षित सिंह की पत्नी को हिरासत में लेकर थाने पहुँचाया।
दर्ज धाराएं और जाँच:
सारनाथ पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 109(1),352, 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह को मामले की विवेचना सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
