Case of enticement of a minor girl: Accused granted bail by the court


✍️✍️ नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला, आरोपी को कोर्ट से मिली जमानत

वाराणसी।  सारनाथ थाना क्षेत्र से जुड़े नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी रितिक राजभर उर्फ बाबा को जिला एवं सत्र न्यायालय से राहत मिल गई है। प्रभारी सत्र न्यायाधीश संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी स्वीकार करते हुए 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और समान धनराशि की दो प्रतिभूतियां दाखिल करने पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से फौजदारी अधिवक्ता जुनैद जाफरी ने पक्ष रखा।



अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादिनी ने 14 नवंबर 2026 को सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनकी पुत्री भोर करीब साढ़े चार बजे से घर से लापता थी। खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि रितिक राजभर उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अथवा जबरन अपने साथ ले गया है। इस संबंध में सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि आरोपी निर्दोष है और उसने न तो पीड़िता को भगाया और न ही उसका अपहरण किया। वादिनी की पुत्री और आरोपी के बीच प्रेम संबंध थे तथा दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे। पीड़िता अपनी मर्जी से गई थी और बाद में वापस लौट आई। बचाव पक्ष ने यह भी बताया कि आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और वह 14 नवंबर 2026 से जेल में निरुद्ध है। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने केस डायरी मे दर्ज बयान का भी हवाला दिया।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली। न्यायालय ने जमानत की शर्तों में आरोपी को विचारण के दौरान सहयोग करने तथा गवाहों को प्रभावित नहीं करने का निर्देश दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post