Case of kidnapping a minor girl; accused granted bail

 


✍️✍️ नाबालिग लड़की को अगवा करने का मामला, आरोपी को मिली जमानत

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में प्रभारी सत्र न्यायाधीश संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी विवेक कुमार को बड़ी राहत देते हुए जमानत प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया। अदालत ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो प्रतिभू दाखिल करने तथा उनके सत्यापन के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। साथ ही निर्देश दिया है कि आरोपी विचारण के दौरान न्यायालय में उपस्थित रहेगा और अभियोजन पक्ष के साक्षियों को किसी प्रकार से डराने, धमकाने या प्रभावित करने का प्रयास नहीं करेगा। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ फौजदारी अधिवक्ता संजय साहनी, अखिलेश कुमार व डॉ जितेंद्र कुमार यादव ने पक्ष रखा। 


अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादिनी ने चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 27 जून 2026 की सुबह करीब चार बजे उनकी 17 वर्षीय पुत्री घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि वह गांव के ही विवेक कुमार के साथ गई है। इस मामले में आरोपी के भाई , पिता और मां पर भी सहयोग करने का आरोप लगाया गया था।


जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपी का यह प्रथम जमानत प्रार्थना पत्र है और उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। वादिनी पक्ष से जमीन संबंधी पुरानी रंजिश के चलते उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। अदालत के समक्ष यह तथ्य भी रखा गया कि आरोपी 31 अगस्त 2026 से जिला कारागार में निरुद्ध है तथा इस मामले में सह-अभियुक्त विकास को पूर्व में ही जमानत मिल चुकी है।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों एवं परिस्थितियों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी किए बिना आरोपी विवेक कुमार का जमानत प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post