Lawyers pay tribute on the 19th anniversary of the court serial bomb blasts, demand CBI probe and compensation


✍️✍️ कचहरी सीरियल बम ब्लास्ट की 19वीं बरसी पर अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, सीबीआई जांच और मुआवजे की उठाई मांग

""जिला जज ने भी घटनास्थल पर जलाया कैंडल, सेन्ट्रल बार सभागार में हुई शोक सभा; न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता""

वाराणसी कचहरी में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की 19वीं बरसी पर सोमवार को कचहरी परिसर का माहौल गमगीन रहा। इस आतंकी हमले में शहीद हुए अधिवक्ताओं और निर्दोष नागरिकों को याद करते हुए दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन और दी बनारस बार एसोसिएशन के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों तथा अधिवक्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीदों के सम्मान में अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान कचहरी परिसर में विभिन्न स्थानों पर शोक सभाएं आयोजित कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।


इस अवसर पर दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन 'बनारस' के सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इससे पूर्व द्वय बार के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम एवं महामंत्री आशीष कुमार सिंह व वरिष्ठ उपाध्यक्ष नृपेंद्र सिंह नन्हे के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बम विस्फोट स्थल तथा कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और दीपदान एवं कैंडल जलाकर शहीद अधिवक्ताओं तथा वादकारियों को नमन किया। कार्यक्रम में जिला जज संजीव पाण्डेय भी पहुंचे और घटनास्थल पर कैंडल जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिवक्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर अपने दिवंगत साथियों की स्मृति को नमन किया।


श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए दी बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री ने कहा कि घटना के 19 वर्ष बीत जाने के बावजूद मामले का पूर्ण खुलासा न हो पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने तथा हमले में शहीद हुए अधिवक्ताओं के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई। सभा में दोनों बार एसोसिएशन के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।


अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रवेश द्वारों पर लगे स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि वर्ष 2007 की उस भयावह घटना को अधिवक्ता समाज कभी नहीं भूल सकता। आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि काशी के अधिवक्ताओं का हौसला उस भीषण हमले के बाद भी नहीं टूटा और न्याय व्यवस्था की रक्षा के लिए अधिवक्ता समाज सदैव एकजुट रहेगा।

19 साल पहले दहल उठी थी कचहरी

गौरतलब है कि 23 नवंबर 2007 को वाराणसी कचहरी परिसर में साइकिलों में लगाए गए टाइमरयुक्त विस्फोटकों से सिलसिलेवार धमाके किए गए थे। दोपहर करीब 1:15 बजे हुए इन विस्फोटों से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। इस दर्दनाक घटना में नौ लोगों की जान चली गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। वाराणसी के अलावा उसी दिन अयोध्या (फैजाबाद) और लखनऊ की कचहरियों को भी निशाना बनाया गया था। उस घटना के 19 वर्ष बाद भी काशी के अधिवक्ता हर बरसी पर अपने दिवंगत साथियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post