✍️✍️ गड्ढों में उतरे सपा कार्यकर्ता, मिट्टी लगाकर जताया विरोध — सड़क बदहाली पर नगर निगम को सौंपा ज्ञापन


वाराणसी, 31 जुलाई:

शहर की जर्जर सड़कों और गहराते गड्ढों से परेशान होकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता खुद गड्ढों में उतर गए, शरीर पर मिट्टी लगाई और अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन नागरिकों की पीड़ा, दुर्घटनाओं, ट्रैफिक जाम और जलभराव की गंभीर समस्याओं को उजागर करता है।

सपा नेता ज़ीशान अंसारी ने बताया कि पूरे बनारस में सड़कें खोद कर छोड़ दी गई हैं, जिससे रोज़ाना हादसे हो रहे हैं। बारिश ने हालात और भी बदतर बना दिए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ ने हाल ही में बनी सड़कों पर उभर आए गड्ढों को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया। उन्होंने मांग की कि सभी सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर मानक गुणवत्ता के अनुरूप मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही, दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई हो तथा सड़क निर्माण की निगरानी के लिए स्वतंत्र एजेंसी नियुक्त की जाए।

अपर नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन होगा।

👉 प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, अमित कुमार, उरूज़ रफी, ज़ीशान, योगेश यादव समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post