✍️✍️ Outrage among advocates over inappropriate language against the Prime Minister, memorandum submitted

 


✍️✍️ प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा पर अधिवक्ताओं में आक्रोश, सौंपा ज्ञापन

वाराणसी। प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के प्रयोग और दुष्प्रचार किए जाने को लेकर काशी के अधिवक्ता समाज ने कड़ी आपत्ति जताई है। अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी, वाराणसी के प्रतिनिधि एडीएम सिटी वाराणसी को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से जेन जी और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों से जुड़े लोगों तथा कुछ अधिवक्ताओं द्वारा डीएम पोर्टिको से लेकर जिला मुख्यालय तक प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि इस प्रकार के वक्तव्यों एवं कथित दुष्प्रचार से अधिवक्ता समाज और आमजन में रोष व्याप्त है।

अधिवक्ता समाज ने अपने ज्ञापन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्व हैं तथा उनके प्रति करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा के प्रयोग से सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका है।

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि डीएम पोर्टिको से लेकर जिला मुख्यालय तक प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अमर्यादित भाषा और दुष्प्रचार पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों की पहचान कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।

अधिवक्ताओं ने प्रशासन से यह भी अपेक्षा जताई कि सार्वजनिक स्थलों पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं मर्यादा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान काशी के अधिवक्ता समाज के पूर्व अध्यक्ष सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post