✍️✍️ अधिवक्ता के तहरीर पर कैंट थाने में दर्ज हुई एफआईआर
वाराणसी: जमीन के बैनामे के कागजात और अधिवक्ता की विधिक फीस को लेकर हुए विवाद में कैंट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई अधिवक्ता एवं दी बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी गौतम कुमार सिंह की तहरीर पर की गई है।
तहरीर के अनुसार, ब्रह्मनाल, चौक निवासी (वर्तमान पता डोमरी, पड़ाव, रामनगर) राजू झा ने अपनी पत्नी सोनी झा के नाम से वादी अधिवक्ता की मार्फत दो भूमि बैनामे कराए थे। इनमें एक 2720 वर्गफीट तथा दूसरा 850 वर्गफीट का भूखंड शामिल है। वादी का कहना है कि दाखिल-खारिज सहित अन्य सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कराने के बाद जब उन्होंने अपनी विधिक फीस और अन्य खर्च का भुगतान तथा बैनामे से संबंधित कागजात मांगे, तो विवाद उत्पन्न हो गया।
आरोप है कि बकाया राशि और दस्तावेजों की मांग करने पर राजू झा तथा उनके साथ मौजूद 2 से 3 अज्ञात लोगों ने विवाद किया और धमकियां दीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंट थाना पुलिस ने नामजद अभियुक्त राजू झा एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
