✍️✍️ लोक अदालत में सुलझेंगे अनेक मामले, जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
वाराणसी। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में संचालित किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी आलोक कुमार के निर्देशन में दीवानी न्यायालय परिसर, तहसीलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक वादकारी राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी, वैवाहिक, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बैंक ऋण वसूली, श्रम, विद्युत, राजस्व, पारिवारिक, चेक बाउंस, यातायात चालान, प्री-लिटिगेशन सहित अन्य सुलह योग्य वादों का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट, तहसील मुख्यालयों, नगर निगम मुख्यालय तथा अन्य सरकारी विभागों में किया जाएगा। लोक अदालत द्वारा पारित निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होता है।
सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों एवं विवादों का निस्तारण कराकर त्वरित, सुलभ एवं किफायती न्याय प्राप्त करें तथा आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा दें।
