""डीएम पोर्टिको पर होगा शांतिपूर्ण प्रदर्शन, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी देंगे संबोधन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन""
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। अधिवक्ताओं ने इस मुद्दे पर आंदोलन की राह पकड़ ली है। शुक्रवार को वाराणसी में अधिवक्ताओं द्वारा डीएम पोर्टिको पर एक शांतिपूर्ण और विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।
👉 इस धरने में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व सेंट्रल बार अध्यक्ष विवेक शंकर तिवारी एवं बनारस बार के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव द्वारा किया जाएगा।
👉 उल्लेखनीय है कि प्रदेश के अधिवक्ता पिछले कई वर्षों से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को उत्तर प्रदेश में लागू करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में अधिवक्ता संगठनों ने कई बार मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई है।
👉 सरकारी उदासीनता के चलते अधिवक्ता समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक यह कानून लागू नहीं होता, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे। आज के प्रदर्शन के अंत में अधिवक्ता मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग दोहराएंगे।
👉 अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी जारी रही, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
