✍️✍️ मण्डुवाडीह: अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार युवक को मिली जमानत
वाराणसी।
मण्डुवाडीह अंडरपास के पास अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए एक युवक को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने जमानत दे दी। यह मामला 09 जुलाई 2026 का है, जब पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था।
""अदालत में बचाव पक्ष की ओर से फौजदारी अधिवक्तागण संदीप विद्यार्थी, इमरान खान, आलमदार हुसैन व सिमरन सोनी ने पक्ष रखा""
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि मण्डुवाडीह अंडरपास के समीप कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और हिमांशु तिवारी तथा शिवम सिंह नामक दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए थे। साथ ही, मौके से बरामद अपाचे मोटरसाइकिल के दस्तावेज न होने पर उसे भी जब्त कर लिया गया था।
अदालत का फैसला
गिरफ्तारी के बाद शिवम सिंह को 10 जुलाई 2026 को जिला कारागार भेज दिया गया था। आरोपी शिवम सिंह की ओर से अदालत में जमानत याचिका प्रस्तुत की गई। सुनवाई के दौरान अभियुक्त के विद्वान अधिवक्तागण ने तर्क दिया कि उनके मुवक्किल को गलत ढंग से मामले में फंसाया गया है और उनके पास से कोई जिंदा कारतूस बरामद नहीं हुआ था। वहीं, अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध किया। दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मामले के तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए शिवम सिंह को 20,000 रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और समान धनराशि की एक प्रतिभूति प्रस्तुत करने पर जमानत दे दी है।
